टिहरी। आगामी चारधाम यात्रा और जिले में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने अधिकारियों के पेंच कसे हैं। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के मानकों पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों पर सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान उन्होंने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि चारधाम यात्रा मार्गों का संयुक्त रूप से सर्वेक्षण किया जाए।
जिलाधिकारी ने सड़कों के किनारे लगे अनावश्यक बोर्ड और पोस्टरों पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे लगे ऐसे साइनेज और विज्ञापन पोस्टर जो यातायात में बाधक बन रहे हैं या अनावश्यक हैं, उन्हें हटाने की कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए। बैठक में एआरटीओ सत्येन्द्र राज ने सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निरंतर सख्त अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2025 से दिसम्बर 2025 तक की अवधि में परिवहन विभाग ने प्रवर्तन कार्यवाही के तहत विभिन्न मामलों में कुल 6,072 चालान किए, जिससे 113.48 लाख रुपये का संयोजन शुल्क राजकोष में जमा किया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर की जा रही संयुक्त कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया गया कि केवल दिसंबर 2025 माह में ही उपजिलाधिकारी, परिवहन विभाग और पुलिस ने मिलकर 30 संयुक्त चेकिंग अभियान चलाए, जबकि पुलिस और आरआई के स्तर पर 17 संयुक्त अभियान संचालित किए गए। तकनीकी निगरानी को बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। वाहन दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एनएच-07 पर देवप्रयाग के निकट साकनीधार और एनएच-34 पर चंबा के पास साबली में एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए जाना प्रस्तावित है। इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया गतिमान है।
बैठक में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय, लोनिवि बोराड़ी के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती और बीआरओ के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
