थौलधार में सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां।

नई टिहरी।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थौलधार ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज छाम में आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भगवान नागराजा की पावन भूमि को नमन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोक-संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे सांस्कृतिक पुनर्जागरण का जिक्र करते हुए कहा कि अयोध्या, काशी और उज्जैन की तर्ज पर उत्तराखंड में भी मंदिरों और धामों का भव्य विकास किया जा रहा है, जिससे राज्य की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत होगी।

 

 

जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की कानून व्यवस्था और सरकार की कठोर नीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार ने लैंड जिहाद के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए अब तक 10 हजार से अधिक एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है और 6 हजार से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि लव जिहाद और अवैध अतिक्रमण पर सरकार का प्रहार जारी रहेगा। मदरसा बोर्ड को समाप्त करने का निर्णय और दंगा विरोधी कानून लाना सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में अशांति फैलाने वाले दंगाइयों से नुकसान की एक-एक पाई वसूल की जाएगी। साथ ही उन्होंने विकास के कार्यों में बाधा डालने वाले और सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश रचने वाले “अर्बन नक्सल” गैंग को भी आड़े हाथों लिया।

 

अंकिता भंडारी हत्याकांड पर विपक्ष द्वारा की जा रही राजनीति पर मुख्यमंत्री ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से ही पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने ही मामले की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अंकिता के माता-पिता ने सीबीआई जांच की इच्छा जताई, तो सरकार ने उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए न्यायालय में भी उनका पक्ष रखा। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता प्रकरण पर राजनीति करना उनकी बौखलाहट को दर्शाता है, जबकि सरकार का एकमात्र लक्ष्य बेटी को न्याय दिलाना है।

मुख्यमंत्री ने टिहरी जनपद के विकास का खाका खींचते हुए कहा कि टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का केंद्र बनाया जा रहा है। यहां पैराग्लाइडिंग और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों के साथ-साथ रिंग रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन, लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। नीति आयोग की रिपोर्ट में उत्तराखंड का प्रथम स्थान पर आना सरकार के सतत विकास प्रयासों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए स्पोर्ट्स अकादमी बनाने और एक हजार खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं देने की भी बात कही।

 

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी ने गैर गुसाईं-खाद सावली मोटर मार्ग, मठियाली झूला पुल से स्यांसू एनएच तक सड़क, विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य केंद्रों के उच्चीकरण, नर्सिंग कॉलेज की स्थापना और राजकीय महाविद्यालय कमान्द में विज्ञान संकाय शुरू करने जैसी प्रमुख मांगें उठाईं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए इनका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने और घोषणाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *