नई टिहरी। जाखणीधार विकासखंड के अंतर्गत लामरीधार स्टेडियम में टिहरी विधानसभा क्षेत्र की तीन दिवसीय विधायक चौंपियन ट्रॉफी का बुधवार को भव्य और रंगारंग आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन ही क्षेत्र के उदीयमान खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए मैदान में जमकर पसीना बहाया और शानदार प्रदर्शन किया। जाखणीधार के ब्लॉक प्रमुख राजेश नौटियाल की अध्यक्षता में आयोजित इस खेल महाकुंभ का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने विधिवत रूप से किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। ग्रामीण अंचलों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए ही सांसद खेल महाकुंभ और विधायक खेल महाकुंभ जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के माध्यम से भी नन्हे खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है, इसलिए युवा पीढ़ी को मैदान से जुड़ना चाहिए।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सुरेश गुसाईं ने प्रतियोगिता के पहले दिन के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि 600 मीटर दौड़ बालिका वर्ग में दिखोलगांव न्याय पंचायत की इशिका पंवार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की, जबकि बालक वर्ग में चोपड़ियाल गांव के हिम्मत रावत विजेता बने। वहीं 60 मीटर फर्राटा दौड़ के बालिका वर्ग में वेदिका ने पहला, सुरभि ने दूसरा और शिवानी ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी दौड़ के बालक वर्ग में ओमिश प्रथम, आदित्य पेटवाल द्वितीय और आयुष तृतीय रहे। लंबी कूद बालिका वर्ग में अंशिका, दिव्यांशी और इशिका पंवार क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि बालक वर्ग में हिम्मत रावत, अर्जुन सिंह और अजीत ने बाजी मारी। गोला फेंक प्रतियोगिता में बालकों में आयुष, ऋषभ पंवार और जय तड़ियाल तथा बालिकाओं में वेदिका और दिव्यांशी ने क्रमशः शीर्ष स्थान प्राप्त किए।
