डोईवाला। सिख धर्म के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा, प्रेम नगर बाजार में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पंजाब से आए रागी जत्थों द्वारा शब्द कीर्तन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका।
गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह का जीवन त्याग, साहस और सेवा की मिसाल है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं समाज को एकता, समानता और मानवता का संदेश देती हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधन से जुड़े सुरेंद्र सिंह खालसा ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना कर अन्याय के खिलाफ संघर्ष और धर्म की रक्षा का मार्ग दिखाया।
