देहरादून। MDDA द्वारा शहर को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार सख़्त कार्रवाई कर रहा है। प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण, फुटपाथ कब्ज़ा और अनधिकृत निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में MDDA की प्रवर्तन टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए निरीक्षण कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। यह अभियान न केवल यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए है, बल्कि आमजन की सुविधा और शहर की सुंदरता बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम है।
MDDA द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शनिवार को देहरादून के बहल चौक, राजपुर रोड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से सीढ़ियों का निर्माण किया गया था, जिससे पैदल चलने वालों को असुविधा हो रही थी और यातायात प्रभावित हो रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से निर्मित सीढ़ियों को ध्वस्त किया और संबंधित को भविष्य में इस प्रकार का अतिक्रमण न करने की सख़्त चेतावनी दी।
MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। प्राधिकरण द्वारा नियमों के उल्लंघन पर सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून से ऊपर नहीं रखा जाएगा। शहर में सार्वजनिक स्थलों, फुटपाथों और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
