खाड़ी महाविद्यालय के खेल महाकुंभ में अनुज और मीनाक्षी बने चौंपियन, भव्य समारोह के साथ तीसरे वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का हुआ समापन

चम्बा / टिहरी। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में चल रहे खेल और उत्साह के महाकुंभ का गुरुवार को भव्य समापन हो गया। महाविद्यालय के तीसरे वार्षिक क्रीड़ा समारोह के दूसरे और अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय इंटर कॉलेज जाजल के प्रधानाचार्य पीके त्रिवेदी उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में चौकी प्रभारी जाजल यशवंत सिंह खत्री और ग्राम प्रधान आमपाटा भगत सिंह भंडारी ने शिरकत की। दो दिनों तक चले इस समारोह में खेल मैदान पर जोश और जुनून का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां एथलेटिक और इनडोर प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पदक जीतने के लिए पूरा जोर लगा दिया। अंतिम दिन 100 मीटर दौड़, रिले रेस, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी प्रमुख स्पर्धाओं के साथ-साथ कैरम जैसे इनडोर खेलों का भी रोमांच छाया रहा।

मैदान पर सबसे ज्यादा रोमांच 100 मीटर दौड़ में देखने को मिला, जिसके निर्णायक की भूमिका सनोवर ने पूरी निष्पक्षता के साथ निभाई। छात्रों के वर्ग में अनुज ने बिजली की गति से दौड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया, जबकि सिद्धांत को रजत और आयुष को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं, बालिका वर्ग में रंजना ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, कोमल दूसरे और प्रीति तीसरे स्थान पर रहीं। ऊंची और लंबी कूद प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने अपने कौशल का लोहा मनवाया। इन स्पर्धाओं में निर्णायक का दायित्व मीनाक्षी और ममता ने संभाला।

ऊंची कूद के बालिका वर्ग में अंशिका ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पहला स्थान पाया, जबकि मीनाक्षी और निधि क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। छात्र वर्ग में अनुज ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित की और प्रथम रहे, वहीं आयुष दूसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद में छात्राओं में रंजना प्रथम, उर्मिला द्वितीय और निधि तृतीय रहीं, जबकि छात्रों में सिद्धांत ने बाजी मारी, अनुज दूसरे और विपिन तीसरे स्थान पर रहे। रिले रेस में भी गजब का तालमेल दिखा, जिसमें तृतीय सेमेस्टर की टीम ने प्रथम, पंचम सेमेस्टर ने द्वितीय और प्रथम सेमेस्टर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

आउटडोर खेलों के साथ-साथ इनडोर खेलों में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। कैरम प्रतियोगिता में निर्णायक मीना की देखरेख में छात्रों के बीच हुई टक्कर में आर्यन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी निपुणता सिद्ध की, वहीं विपिन दूसरे और क्रीस तीसरे स्थान पर रहे। छात्राओं के वर्ग में राखी ने बाजी मारी, जबकि आंचल और प्रीति क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

समापन समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण रहा, जहां मुख्य अतिथि पीके त्रिवेदी, विशिष्ट अतिथि यशवंत सिंह खत्री और भगत सिंह भंडारी ने विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान निर्णायक मंडल के सदस्यों, प्राध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके सहयोग के लिए आभार जताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *