नई टिहरी। अंचल टिहरी की समिति और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक शिशु मंदिर बोराड़ी में ओम के उच्चारण और हनुमान चालीसा के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रारंभ हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, विस्तार, प्रवास कार्यक्रमों तथा ग्राम स्तर तक सक्रियता बढ़ाने को लेकर गहन चर्चा की गई। भारत लोक शिक्षा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री राजीव अग्रवाल और परिषद के महिला विभाग की राष्ट्रीय उप प्रधान माधुरी अग्रवाल ने संगठन से जुड़े समस्त विषयों पर व्यापक प्रकाश डालते हुए समिति के भावी स्वरूप, जवाबदेही और कार्य प्रणाली की विस्तृत रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने कहा कि लोक शिक्षा परिषद का उद्देश्य ग्रामीण समाज में शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समग्र विकास की सोच को मजबूत करना है, जिसके लिए कार्यकर्ताओं की निरंतरता और समर्पण सबसे अहम है।
बैठक में महिला समिति की सक्रियता, एकल ग्रामोत्थान के कार्यों, समिति विस्तार की योजनाओं तथा आगामी प्रवास कार्यक्रमों पर भी विस्तार से मंथन हुआ। कार्यकर्ताओं को यह भी बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वावलंबन और सांस्कृतिक जागरण के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए समिति स्तर पर समन्वय और सहभागिता बढ़ाई जाएगी। बैठक के दौरान सेना से सेवानिवृत सैनिकों का सम्मान कर उनके योगदान का आभार व्यक्त किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर अंचल जागरण शिक्षा के प्रभारी संदीप, टिहरी विभाग के विभाग प्रचारक अजय, दुर्गा मंदिर के पूजारी राजेंद्र चमोली, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत, महिला समिति की सदस्य रजनी, सुषमा बहुगुणा, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सजवान, झुमरू, गढ़वाल राइफल सूबेदार कुशीराम चमोली, कमांडो रॉकी गोसाई, नायक केरानंद भट्ट, हवलदार सतेश्वर प्रसाद, हवलदार रमेश चंद्र अमोला, गोविंद प्रसाद और दिलवीर चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
