कमांडेंट गौरव तोमर बोले “वंदे मातरम हमारी एकता, गौरव और देशभक्ति का प्रतीक”
नई टिहरी। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने जनभागीदारी और डिजिटल अभियान के तहत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन कोटी कॉलोनी स्थित शिशु विद्या मंदिर और सीआईएसएफ कार्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सीआईएसएफ कर्मियों और विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
सीआईएसएफ ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के इस ऐतिहासिक क्षण को जनभागीदारी के माध्यम से मनाया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रगीत के इतिहास, महत्व और इसके सामाजिक व सांस्कृतिक प्रभाव पर विस्तार से जानकारी दी। उपस्थित जनसमूह को पोस्टर, बैनर और एक लघु फिल्म के माध्यम से वंदे मातरम की गौरवशाली यात्रा से अवगत कराया गया।
सीआईएसएफ के कमांडेंट गौरव तोमर ने छात्रों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होना हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह गीत भारत की एकता, सम्मान और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है, जो हमें एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी सीआईएसएफ इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे इन गतिविधियों में कर्मियों के साथ आम जनता को भी शामिल करें, ताकि सामूहिक जिम्मेदारी और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
गौरव तोमर ने कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम के संदेश को प्रचारित करने के लिए तैयार किए गए होर्डिंग, बैनर, वेबसाइट क्रिएटिव और लघु फिल्म का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल राष्ट्रगीत के गौरव को पुनर्जीवित करेगी, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना को भी प्रबल करेगी।
