उत्तराखंड। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर जिला पर्यटन विभाग टिहरी की ओर से नगर पंचायत गजा के सहयोग से एक भव्य स्वच्छता एवं ट्रैकिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझाना और पर्यटन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैकिंग दल को रवाना करके किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर्यटन विकास की मूलभूत आवश्यकताएं हैं, और ऐसे कार्यक्रम समाज में जिम्मेदार नागरिकता की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।
राजकीय इंटर कॉलेज गजा के 25 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। ट्रैकिंग दल ने गजा बाजार से लेकर घंटाघर मंदिर तक स्वच्छता अभियान चलाया। प्रतिभागियों ने रास्ते भर फैले कचरे को एकत्रित किया और लोगों को सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने “स्वच्छ गजा, सुंदर गजा” के नारे लगाकर स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया।
