गोपाष्टमी पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने किया गौ सेवा कार्यक्रम में सहभाग

 टिहरी। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर नई टिहरी स्थित गोपाल गौ लोक धाम संवर्धन समिति द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभाग किया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने गौ माता को नमन कर उन्हें चारा और दाना खिलाया। उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी का यह पर्व हमारी भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। गौ सेवा के माध्यम से समाज में करुणा, सहानुभूति और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि गोपाष्टमी जैसे अवसर हमें अपनी सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक है कि हम अपनी भावी पीढ़ियों को इन परंपराओं और मूल्यों से अवगत कराएं ताकि वे भी गौ सेवा के महत्व को समझ सकें। जिलाधिकारी ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गोपाल गौ लोक धाम समाज में सेवा और संरक्षण की उत्कृष्ट मिसाल पेश कर रहा है।

संस्था के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि समिति वर्तमान में 38 गौ एवं गौवंशों की निस्वार्थ भाव से देखभाल कर रही है। संस्था का उद्देश्य गौ संरक्षण, सेवा और संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता फैलाना है। उन्होंने बताया कि पुनर्वास विभाग द्वारा नई टिहरी के सेक्टर 3 में नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय के नीचे लगभग 700 वर्ग मीटर भूमि गौ लोक धाम के लिए निर्धारित की गई है, जो जंगल और गदेरे से सटी हुई है। इस भूमि पर पानी और घास की उपलब्धता के कारण गौवंशों के लिए यह स्थान उपयुक्त है। समिति ने बताया कि तत्कालीन अधिकारियों के आश्वासन पर इस भूमि पर कार्य प्रारंभ भी कर दिया गया था।

संस्था ने इस अवसर पर जिलाधिकारी से भूमि आवंटन संबंधी पूर्व में दिए गए अनुरोध पत्र पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। जिस पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया और कहा कि प्रशासन समाजहित से जुड़े ऐसे कार्यों में सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *