उत्तराखंड। उत्तराखण्ड के सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने शनिवार को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। भेंट के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने उत्तराखण्ड राज्य में सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और चल रहे कार्यों की जानकारी दी तथा पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के हित में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने राज्य में निर्माणाधीन सैन्यधाम परियोजना की प्रगति की जानकारी भी रक्षा मंत्री को दी।
दीपावली से पहले केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को दी गयी सौगात को लेकर भी कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रक्षा मंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने निराश्रयता अनुदान को 4,000 रुपये से बढ़ाकर 8,000 रुपये, शिक्षा अनुदान को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये तथा विवाह अनुदान को 50,000 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और रक्षा मंत्रालय की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
