गढ़वाल। जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में बुधवार देर सांय अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। उन्होंने जनपद को प्लास्टिक फ्री और डस्टबिन फ्री बनाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। लंबे समय से जमा पुराने कचरे के निपटान के लिए जिलाधिकारी ने डीएफओ को उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के लिए कहा और सभी संबंधित विभागों को कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की मांग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ईओ टिहरी और ईओ चंबा को पुराने कचरे के निस्तारण हेतु विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार 31 अक्तूबर तक सभी आंतरिक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए नगर निकायों को आवश्यक फंड की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में एडीबी प्रोजेक्ट के आशीष कठैत ने झील क्षेत्र के गांवों में चल रहे कार्यों और प्रोसेसिंग एवं डिस्पोजल यूनिट की गतिविधियों से सभी को अवगत कराया। पर्यावरण विशेषज्ञ रत्नेश कोठियाल ने बेसलाइन डेटा और पर्यावरण स्वीकृति से जुड़ी जानकारियाँ प्रस्तुत कीं। उन्होंने प्रोसेसिंग प्लांट, एसएलएफ और प्रतिदिन की प्रोसेसिंग क्षमता पर भी विस्तृत जानकारी दी।
