जनता दरबार में जनसमस्याओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश।

 टिहरी।   जनपद मुख्यालय  में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी  ने लोगों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 शिकायतें दर्ज की गईं।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल और सीएम जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बार-बार सामने आने वाली शिकायतों का अलग से विवरण तैयार करने के भी आदेश दिए।

कार्यक्रम में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आपदाग्रस्त क्षेत्रों में संचालित और बंद स्कूलों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रतिदिन गांववार रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

पेयजल विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि तोलियाकाटल, भरवाकाटल, सौंदणा और रगड़गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। वहीं सकलाना पट्टी में अतिरिक्त पाइप भेजे जा रहे हैं, ताकि वहां भी जलापूर्ति सामान्य की जा सके।

जनता दरबार में तहसील नैनबाग के ग्राम टटोर निवासी मनोज सिंह ने बंदोबस्त खतौनी में दर्ज अशुद्ध नाम सुधारने की मांग रखी, जिस पर एसडीएम धनोल्टी को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम टटोर के गंभीर सिंह ने वर्ष 1396 से 1401 तक की खाता खतौनी अभिलेख की जांच की मांग की, जिस पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम नैचोली के ग्रामीणों ने नागराजा मंदिर के पुनर्निर्माण और जीर्णाेद्धार के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा मुख्य सड़क से गांव तक पैदल मार्ग स्वीकृत करने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने डीडीओ को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त सड़क, शिक्षा, आपदा, पुनर्वास, पेयजल और बाल विकास विभाग से संबंधित कई शिकायतों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं का समाधान शीघ्रता और प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *