महाराज ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

देहरादून-मसूरी रोड़ पर बैली ब्रिज बनाने का युद्ध स्तर पर चल रहा है काम

देहरादून। भारी वर्षा, भूस्खलन व बादल फटने के कारण जनपद में लोक निर्माण विभाग के 62 मार्ग व 8 सेतु क्षतिग्रस्त हुए हैं। लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने देहरादून जनपद के भारी वर्षा, भूस्खलन एवं बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों केशरवाला-मालदेवता, कुमाल्डा-कद्दूखाल, खैरी मानसिंह मार्गों सहित देहरादून-मसूरी मार्ग पर शिव मंदिर के समीप क्षतिग्रस्त सेतु का स्थलीय निरीक्षण कर लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त 8 सेतुओं में से 5 सेतुओं पर स्थाई रूप से कार्य करवा कर यातायात चालू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 35 मार्गाे पर यातायात बहाल कर दिया गया है जबकि से 27 मार्गाे पर यातायात बहाल करने के लिए लगातार कार्य चल रहा है।

महाराज ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा मालदेवता-केशरवाला में 300 मीटर क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग को खोलने का काम लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि नदियों का चैनेलाइजेशन होना अति आवश्यक है। इसके लिए सिंचाई, आपदा व खनन विभाग आपस में मिलकर काम करें ताकि नदियों का पानी रिहायसी क्षेत्र में ना घुसने पाए। लोक निर्माण व सिंचाई मंत्री ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह नदी-नालों के निकट निर्माण कार्य न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *