टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशन में परिवहन विभाग टिहरी ने एड्यूजोइन ट्रेनिंग संस्थान चंबा के सहयोग से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं को सुरक्षित यातायात के नियमों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
इस अवसर पर छात्रों के बीच क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला (पोस्टर) प्रतियोगिता और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक का मंचन सोनिया एंड ग्रुप ने किया, जिसने दर्शकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया। चित्रकला प्रतियोगिता में तनुजा और शबनम ने प्रथम स्थान, सुमन और साक्षी ने द्वितीय स्थान तथा सुहानी और साक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को ए.आर.टी.ओ. टिहरी सत्येंद्र राज ने पुरस्कार प्रदान किए।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित छात्रों को राहगीर योजना, गोल्डन ऑवर, कैशलेस स्कीम और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना न केवल खुद की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए भी जरूरी है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर रविंद्र के साथ एड्यूजोइन संस्थान की समीक्षा, नितेश, सीमा और पूनम ने अहम भूमिका निभाई। वहीं परिवहन विभाग से अर्जुन, विपिन, रोहन, मोनिका और मनजीत ने सक्रिय सहयोग दिया।
