टिहरी। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी उपली रमोली स्थित जिला पंचायत कंडियालगांव सीट से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजय देवी ने 1751 मतों के भारी अंतर से शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 5257 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशी शुशीला राणा को 3506 मतों पर संतोष करना पड़ा। यह जीत न केवल राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि क्षेत्रीय जनसमर्थन और विकास की उम्मीदों का स्पष्ट संकेत भी देती है।
निर्वाचन परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद विजय देवी ने अपने समर्थकों के साथ प्रतापनगर मुख्यालय से मांजफ, जखवालगांव और लंबगांव होते हुए कंडियालगांव तक भव्य विजय जुलूस निकाला। इस दौरान रास्तेभर लोगों ने फूल-मालाओं और नारों से उनका स्वागत किया। उन्होंने लोगों से आशीर्वाद लिया और भरोसा दिलाया कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
विजय देवी ने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वह ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगी। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी और हर वर्ग की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगी।
विजय जुलूस के दौरान क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया और ग्रामीणों ने जीत की खुशी में एकजुट होकर विजय देवी के प्रति अपना समर्थन और विश्वास प्रकट किया।
कंडियालगांव सीट पर कांग्रेस समर्थित विजय देवी की ऐतिहासिक जीत,यह मेरी नहीं, पूरे क्षेत्र की जनता की जीत हैः विजय देवी
