देहरादून : उत्तराखंड राज्य कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने मंगलवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के ओपीडी सभागार में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की समस्याएं सुनी और अस्पताल प्रशासन से सफाई कार्मिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश जारी किए।
राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष ने दून मेडिकल कॉलेज में सफाई कार्मिकों और अस्पताल प्रशासन के साथ की बैठक

उपाध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सफाई कार्मिकों का बहुत बड़ा योगदान होता है। मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सफाई कार्मिकों का किसी भी दशा में शोषण बर्दाश्त नही किया जाएगा। अस्पताल में सफाई के लिए पूर्व टेंडर प्रक्रिया में कई खामियां सामने आने पर उन्होंने पूर्व टेंडर को तत्काल निरस्त कर नए सिरे से टेंडर कराने और संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश जारी करने को कहा।
उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था के लिए किए जा रहे नए टेंडर प्रक्रिया में उपनल कार्मिकों को शामिल न किया जाए। श्रम विभाग की न्यूनतम मजदूरी दर पर सफाई कार्मिकों का मानदेय भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सफाई कार्मिकों को ड्रेस, ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि टेंडर की शर्ताे में इन सभी बातों का विशेष ख्याल रखा जाए।
