कारगिल विजय दिवस पर राज्यपाल ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने चीड़बाग, देहरादून स्थित शौर्य स्थल में शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि कारगिल विजय दिवस उन वीर सपूतों के सम्मान का दिन है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि कारगिल की कठिन और विषम परिस्थितियों में भारतीय सेना ने अदम्य साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त कर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की थी। यह विजय प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है।

कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरांगनाओं को किया सम्मानित
इस अवसर पर राज्यपाल ने पूर्व सैनिकों और एनसीसी कैडेट्स से भी संवाद किया तथा कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की वीरांगनाओं को सम्मानित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल एम पी एस गिल, ज्वाइंट चीफ हाइड्रोग्राफर एनएचओ, एडमिरल पीयूष पॉसी, स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर आरएस थापा के साथ-साथ नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी, जेसीओ और देहरादून स्टेशन के सैनिक भी शामिल हुए।
