टिहरी: स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वाले अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को जिला कारागार परिसर, नई टिहरी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को याद किया।
कारागार परिसर में स्कूली बच्चों की देशभक्ति रैली और पौधरोपण से दी गई पर्यावरणीय श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्रों द्वारा एक भव्य देशभक्ति रैली निकाली गई, जिसने पूरे वातावरण को देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत कर दिया। इसके साथ ही कारागार परिसर के समीप भमोरा प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया, जिसे अमर शहीद को एक पर्यावरणीय श्रद्धांजलि के रूप में देखा गया। नगर पालिका परिषद टिहरी की ओर से स्कूली छात्रों के लिए जलपान की समुचित व्यवस्था भी की गई थी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि श्रीदेव सुमन का जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि श्रीदेव सुमन ने 84 दिनों तक आमरण अनशन कर जनता के अधिकारों की रक्षा हेतु अपनी जान न्योछावर की, जो अपने आप में एक अद्वितीय साहसिक कार्य था। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए ताकि जनपद का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
श्रीदेव सुमन का त्याग और बलिदान आज भी प्रेरणा का स्रोतः विधायक उपाध्याय
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने भी श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है। उन्होंने उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि वे श्रीदेव सुमन के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन का बलिदान हमें यह सिखाता है कि बिना हिंसा के, संकल्प और निष्ठा के साथ अपने अधिकारों की प्राप्ति संभव है।
