टिहरी गढ़वाल के पांच ब्लॉकों में 24 जुलाई को होगा मतदान, 779 पोलिंग टीमें संभालेंगी जिम्मेदारी

पहले चरण के पंचायत चुनाव की तैयारी पूरी, पोलिंग पार्टियां रवाना

मतदान सामग्री, बूथ निर्माण और प्रक्रिया को लेकर पोलिंग पार्टियों को दिया गया विस्तृत प्रशिक्षण

 टिहरी:  त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद के पांच विकासखण्ड जौनपुर, थौलधार, जाखणीधार, भिलंगना और प्रतापनगर में 24 जुलाई को प्रथम चरण में मतदान संपन्न कराया जाएगा। इन क्षेत्रों में कुल 779 पोलिंग पार्टियां नियुक्त की गई हैं, जो अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराएंगी।

दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों की पोलिंग पार्टियों को समय से पहले रवाना कर दिया गया है। इनमें विकासखण्ड भिलंगना की 3, जौनपुर की 4 और प्रतापनगर की 2 पोलिंग पार्टियां शामिल हैं, जो 22 जुलाई, मंगलवार को ही मतदान स्थलों के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं, शेष 770 पोलिंग पार्टियां आज 23 जुलाई को अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी।

चुनाव की पारदर्शिता और सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सभी पोलिंग पार्टियों को एक बार फिर वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी मतदानकर्मियों को निर्देशित किया गया कि मतदान सामग्री प्राप्त करते समय सबसे पहले अपनी टीम के अन्य सदस्यों से संपर्क स्थापित कर लें और मतदान केंद्र का नाम व नंबर स्पष्ट रूप से नोट करें।

प्रत्येक पोलिंग पार्टी को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी प्रपत्र, बैलेट पेपर और अन्य मतदान सामग्री क्रमबद्ध और पूर्ण हो। विशेष रूप से यह जांचने के निर्देश दिए गए हैं कि बैलेट पेपर पर क्रमांक सही है, तांबे की सील और दोनों मोहरें दुरुस्त हैं, अमिट स्याही और स्टैम्प पैड में पर्याप्त स्याही है तथा सभी आवश्यक लिफाफों पर स्पष्ट शीर्षक अंकित किए गए हैं।

निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता के लिए पोलिंग पार्टियों को न केवल पूरी जिम्मेदारी के साथ सामग्री की जांच करनी है, बल्कि प्रत्येक चरण को नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से संपन्न करना भी सुनिश्चित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *