कांवड़ यात्रा ने पकड़ी रफ्तार, जिला प्रशासन ने कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कसी कमर

 

 

हरिद्वार से ऋषिकेश तक उमड़ा भोले के भक्तों का सैलाब, जगह-जगह बनाई गई पार्किंग और कंट्रोल रूम

 

देहरादून।  सावन के पहले सोमवार से टिहरी जनपद के कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की भीड़ में लगातार इजाफा हो रहा है। हरिद्वार से जल लेकर ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन सतर्कता और सख्ती के साथ यात्रा संचालन में जुटा है।

 

पैदल कांवड़, दोपहिया वाहनों और बड़े वाहनों में यात्रा कर रहे डाक कांवड़ियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए टिहरी जिला प्रशासन द्वारा चंद्रभागा पुल के पास डाक कांवड़ियों के लिए विशेष पार्किंग स्थल तैयार किया गया है। वहीं, दोपहिया वाहनों से यात्रा कर रहे कांवड़ियों को मुनिकीरेती, ढालवाला और भद्रकाली से होकर राम झूला पार्किंग में प्रवेश कराया जा रहा है। अतिरिक्त भीड़ प्रबंधन के लिए ब्रह्मानंद तिराहे के निकट खारास्रोत क्षेत्र में भी एक वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

टिहरी पुलिस ने सीसीटीवी और वायरलेस से रखी पैनी नजर, कांवड़ यात्रा को सुचारु बनाने को युद्धस्तर पर तैयारियां

 

यात्रा को व्यवस्थित बनाने हेतु जिले भर में पुलिस सहायता कैनोपी स्थापित की गई हैं, जहां पुलिस कर्मी कांवड़ियों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ढालवाला स्थित वायरलेस कंट्रोल रूम से यात्रा मार्ग पर लगाए गए 56 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। कैमरे खास तौर पर चंद्रभागा, मुनिकीरेती, भद्रकाली, शिवपुरी और गरुड़चट्टी पुल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लगाए गए हैं, जहां से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

 

इसके अतिरिक्त लक्ष्मण झूला और राम झूला के पास गंगा नदी से जल भरते समय कांवड़ियों को नदी से उचित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर जल पुलिस की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी अनहोनी की संभावना को रोका जा सके।

 

इस बीच, ग्रेटर नोएडा से आए पांच कांवड़ियों की टोली ने गंगा स्नान कर गंगाजल एकत्रित किया और नीलकंठ महादेव के लिए रवाना हुए। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि मार्ग में जगह-जगह पुलिस सहायता कैनोपी लगाई गई हैं, जिससे उन्हें रूट की सही जानकारी मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस बार की कांवड़ यात्रा बेहद व्यवस्थित, भव्य और श्रद्धा से परिपूर्ण हो रही है।

 

कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, भोजन, शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सहयोगात्मक रवैया अपनाकर यात्रा को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *