भगवान राम के राज्याभिषेक के साथ आमणी में ग्रीष्मकालीन रामलीला का समापन

 

 टिहरी। अटल आदर्श ग्राम आमणी में ग्रीष्मकालीन रामलीला का समापन भगवान राम के राज्याभिषेक के भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर रामराज की झलक प्रस्तुत करते हुए “देखेंगे राम राज आज धन्य भाग है” सहित अनेक भक्ति भाव से ओतप्रोत चौपाइयों का सस्वर गायन किया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय हो गया।

SJVN

विज्ञापन

समापन समारोह के दौरान भगवान राम, माता सीता और हनुमान जी के दर्शनों और आशीर्वाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। मंच पर राज्याभिषेक के दृश्य ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। वहीं, विश्व शांति और जनकल्याण की कामना के साथ वैदिक विधि से हवन भी संपन्न किया गया।

रामलीला समिति के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद भट्ट, संयोजक वीना भट्ट, जितेंद्र भट्ट सहित समिति के अन्य सदस्यों ने सफल आयोजन के लिए प्रवासी जनों और क्षेत्रवासियों का विशेष रूप से आभार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि आमणी की रामलीला अब प्रवासी और स्थानीय लोगों के साझा सहयोग से एक सांस्कृतिक परंपरा का रूप ले चुकी है, जिसे हर वर्ष और अधिक भव्यता के साथ मनाया जा रहा है।

इस मौके पर रामलीला में सहयोग देने वाले प्रवासी जनों और स्थानीय सहभागियों को स्मृति स्वरूप रामलीला का विशेष कैलेंडर भेंट किया गया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सांस्कृतिक एकता और जनसंपर्क का सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *