भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की 156वीं POP का आयोजन

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) की 156वीं पीओपी यानी पासिंग आउट परेड का शनिवार को भव्य आयोजन हुआ। इस पीओपी में भारत को 419 नए जांबाज सैन्य अफसर मिल गए हैं। इस पासिंग आउट परेड में कुल 451 जैंटलमैन कैडेट्स अपना कोर्स पूरा करके सैन्य अफसर बन गए हैं। इनमें 9 मित्र देशों के 32 जेंटलमैन कैडेट्स भी आईएमए से सैन्य प्रशिक्षण कोर्स पूरा करके अफसर बन गए हैं और अब वे अपने-अपने देशों की सेना में शामिल होकर अपने देशों की सेवा करेंगे। इस गरिमामयी परेड की समीक्षा (सलामी) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल लासांथा रोड्रिगो (आरएसपी, सीटीएफ-एनडीयू, पीएससी, आईजी) ने की। उन्होंने IMA से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर पास आउट हो रहे ऑफिसर कैडेट्स को बधाई दी एवं उत्कृष्ट परेड, अनुशासित परिधान और अद्वितीय समन्वय के लिए प्रशिक्षकों और कैडेट्स की सराहना की। यह दौरा भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच पारंपरिक, सुदृढ़ और ऐतिहासिक सैन्य संबंधों का परिचायक है तथा आपसी सहयोग को और सशक्त बनाएगा। उन्होंने फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के प्रेरणास्पद शब्दों के साथ अपना संबोधन समाप्त किया – “सच्चे बनो, ईमानदार बनो, निर्भीक बनो।” पासिंग आउट परेड के लिए सुबह सवेरे करीब 8:05 बजे IMA की गौरवशाली ऐतिहासिक चेटवुड भवन के सामने मैदान से अंतिम पग की तरफ जेंटलमैन कैडेट्स बढ़े। चेटवुड भवन के दरवाजे खुले और यह सभी कैडेट्स कदमताल करते हुए इसके भीतर चले गए, जिसे अंतिम पग का नाम दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *