उपभोक्ताओं ने अपनाया डिजिटल माध्यम, UPCL के सराहनीय प्रयास

देहरादून।  उपकल  द्वारा अपने विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा दिये जाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं। जिसमें डिजिटलीकरण के क्षेत्र में भी UPCL  द्वारा सराहनीय कार्य किये जा रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप यूपीसीएल द्वारा डिजिटल इण्डिया व डिजिटल उत्तराखंड की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ज्ञातव्य है कि इस वित्तीय वर्ष में UPCL के 80 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं ने बिल भुगतान के लिये डिजिटल माध्यमों को अपनाया है जो राज्य में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक प्रयास है। डिजिटलीकरण होने से उपभोक्ताओं के जीवन में सुगमता आयी है तथा समय की भी बचत हो रही है। अब उपभोक्ता घर बैठे बिजली से जुड़ी सभी प्रकार की जानकारी एवं बिजली भुगतान इत्यादि से सम्बन्धित सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे है।
समय से बिल जमा करने पर मिल रही छूटः अनिल कुमार
UPCL के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि UPCL का डिजिटलीकरण का श्रेय उपभोक्ता जागरूकता, UPCL द्वारा समय-समय पर चलाये गये डिजिटल अभियान, मोबाइल एप, पोर्टल एवं अन्य ई-गेटवे की सुविधा को जाता है। इसके अतिरिक्त बिल भुगतान में पारदर्शिता, त्वरित रशीद प्राप्ति, कैशबैक – छूट जैसी सुविधाओं से भी उपभोक्ता डिजिटल माध्यमों के उपयोग हेतु प्रेरित हुए हैं। शहर ही नहीं, प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी डिजिटल माध्यमों से भुगतान में वृद्धि हुई है तथा वर्तमान में विद्युत उपभोक्ताओं को टैरिफ में बिजली बिलों के ससमय से भुगतान करने पर छूट प्रदान की जा रही है। उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल इश्यू होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर डिजिटल माध्यम से भुगतान करने पर 1.5 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अतिरिक्त ऑफ लाईन माध्यम द्वारा बिल इश्यू होने की तिथि से 10 दिनों के भीतर भुगतान करने पर बिलों में 1 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इससे उपभोक्ता अपने बिलों की धनराशि कम कर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। UPCL का लक्ष्य है कि आने वाले समय में 90 प्रतिशत से अधिक बिल भुगतान डिजिटल माध्यमों से हो, ताकि प्रदेश में पारदर्शिता, दक्षता और उपभोक्ता संतुष्टि में वृद्धि हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *