ऋषिकेश। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले सभी ड्राइवर और कंडक्टर को यात्रियों के साथ मधुर व्यवहार करने के लिए कहा है। परिवहन मंत्री का कहना है कि हमारे राज्य की बोली भाषा व्यवहार को दूसरे राज्यों में सराहा जाना चाहिए। इसके लिए ड्राइवर और कंडक्टरों को अपनी वाणी में सुधार लाने की जरूरत है। कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें केवल अपनी वाणी की वजह से ही राज्य की छवि धूमिल हुई है। हमारी मृदु भाषा ही चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करती है। हमारा राज्य तीर्थाटन पर ही रोजगार के लिए निर्भर है।
आरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी ने बताया कि परिवहन विभाग चारधाम यात्रा की तैयारियां पूरी कर चुका है। बसों की व्यवस्था हो या ऑनलाइन ग्रीन कार्ड व ट्रिप कार्ड को जारी करना हो ये सारी व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं। कार्यालय स्तर पर ट्रेनिंग देकर ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड बनाने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। आज से चारधाम यात्रा पर जाने वाले वाहनों के चालक ग्रीन कार्ड बनाने की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
