गौचर/चमोली। विकासखंड कर्णप्रयाग के डिमर गांव में 105 वर्षों से अनवरत रूप से संचालित होती आ रही रामलीला मंचन के सातवें दिन ग्रामवासियों व श्रद्धालुओं द्वारा पवन पुत्र हनुमान जी के दर्शन की भव्य झांकी निकाली गई। जय श्री राम व बजरंगबली हनुमान जी की जयघोष के साथ लोगों ने भजन कीर्तन के साथ झांकी में बढ़ चढ़ कर भाग लिया।
इस दौरान आचार्य गणेश चंद्र खंडूरी, सत्य प्रसाद खंडूड़ी, और रामलीला कमेटी ने वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ राम भक्त हनुमान जी की पूजा अर्चना कर 56 भोग अर्पित किये।

मंचन के दौरान हनुमान जी अपने आराध्य श्री राम को अपने सम्मुख देख भावविह्वल होकर उनकी अराधना करते हैं। श्री राम और हनुमान जी के भावुक संवाद से रामलीला मंचन देखने आये बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गये।
इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष प्रभुकांन्त डिमरी, सचिव रविन्द्र खंडूड़ी, रामकृष्ण भट्ट, अनुज डिमरी, आशीष डिमरी, मोहन प्रसाद, मुकेश, अशोक डिमरी, सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
